हरिद्वार पुलिस को मिले नए कप्तान, एसएसपी नवनीत सिंह ने हरकी पैड़ी पर पूजा-अर्चना कर संभाली कमान

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार को नया नेतृत्व मिल गया है। नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने आज विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल हर की पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की और जनपद की सुख-शांति एवं कानून-व्यवस्था की मजबूती के लिए प्रार्थना की।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि हरिद्वार धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील जनपद है, जहां वर्षभर देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात प्रबंधन को सुचारू रखना और आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। संगठित अपराध, नशा तस्करी, महिला अपराध और साइबर अपराध पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जनसंवाद कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसएसपी ने अधिकारियों के साथ प्रारंभिक बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कानून-व्यवस्था पर सतत नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनपद में नए कप्तान की तैनाती से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। वहीं आमजन को भी उम्मीद है कि नए एसएसपी के नेतृत्व में हरिद्वार में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







