Haridwar Viral News सीएम का पुतला फूंकने पहुंची कांग्रेस, पुलिस ने छीना, बाद में पुतले के अवशेष जलाकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, वीडियो वायरल

रुड़की। चंद्रशेखर चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन करने पहुंचे, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए पुतला कार्यकर्ताओं से छीन लिया। हालांकि छीना झपटी में पुतले के कुछ अवशेष गिर गए, जिसे बाद में उन्होंने जलाकर अपना विरोध प्रदर्शन किया।
दरअसल, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के होटलों में चल रहे देह व्यापार और वैश्यावृत्ति के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी क्रम में वह मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने पहुंचे थे। पुलिस को पहले से इस कार्यक्रम की सूचना थी, जिस कारण सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।
जैसे ही कार्यकर्ता पुतला जलाने की तैयारी करने लगे, पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए पुतला छीन लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और छीना-झपटी भी हुई। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया और किसी भी तरह की अप्रिय घटना होने से पहले ही मामला शांत करा दिया। विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें