हरिपुर कलां आश्रम विवाद: साध्वी रेणुका ने यूपी से आए लोगों पर लगाया कब्जे का आरोप, एक महिला आईएएस अधिकारी पर भी लगा मामले में हस्तक्षेप करने का आरोप, देखिए वीडियो
खबर डोज, देहरादून। राजधानी देहरादून के हरिपुर कलां क्षेत्र में स्थित राष्ट्र भक्ति आश्रम को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। विवाद के दौरान लाठी–डंडों से लैस लोगों की भीड़ आश्रम में घुस आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आश्रम की साध्वी रेणुका ने यूपी से आए कुछ लोगों पर आश्रम पर जबरन कब्जा करने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। साध्वी रेणुका ने एक महिला आईएएस अधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
साध्वी रेणुका ने इस पूरे मामले में प्रदेश की एक महिला आईएएस अधिकारी पर भी मामले में हस्तक्षेप करने और गलत तरीके से दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर हो रहा यह हस्तक्षेप आश्रम के लिए खतरा बन गया है और उन्हें सुरक्षा की आवश्यकता है।
शिकायत में साध्वी ने बताया कि बीती दोपहर अचानक कुछ लोग उनके आवास और आश्रम परिसर में ज़बरदस्ती घुस आए। इन लोगों ने न केवल उनसे और उनके परिवार के सदस्यों से मारपीट की बल्कि घर में रखी चीज़ों को नुकसान पहुंचाया, गाली-गलौज की और माहौल को डराने-धमकाने वाला बना दिया। उन्होंने बताया कि यह समूह आश्रम की संपत्ति पर कब्जा जमाने की नीयत से आया था।
साध्वी ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर घटना के बाद आश्रम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर तक निकाल कर ले गए, ताकि घटना के सबूत न बच सकें। उन्होंने कहा कि धमकी और उत्पीड़न का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे आश्रम स्टाफ और परिवार के सदस्यों में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और आश्रम परिसर का निरीक्षण किया। कोतवाली रायवाला के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र खोलिया ने बताया कि साध्वी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जाएगी।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि उपलब्ध साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूरे मामले में महिला आईएएस अधिकारी पर लगाए गए आरोपों की जांच को लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर चर्चा तेज है।
इस विवाद ने हरिपुर कलां क्षेत्र की शांति भंग कर दी है और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। आश्रम प्रबंधन ने साफ किया है कि वह किसी भी दबाव में झुकने वाले नहीं हैं और न्याय की उम्मीद में पुलिस व प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







