हरिद्वार जिले में अवैध चिकित्सालयों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन क्लीनिक और अस्पताल सील

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में अवैध रूप से संचालित चिकित्सालयों और स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और स्वास्थ्य केंद्रों का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने श्री राम क्लिनिक (अंबेडकर पार्क), सेठी नर्सिंग होम (कनखल), आस्था मेडिकल एंड क्लिनिक (कनखल), क्लासिक हॉस्पिटल (धनपुरा), वेलफेयर हॉस्पिटल (धनपुरा), गैलेक्सी हॉस्पिटल (धनपुरा), एडवांस्ड हेयर ग्रो (रानीपुर) तथा सोनकली हेल्थ केयर सेंटर (जगजीतपुर) का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने श्री राम क्लिनिक, आस्था मेडिकल एंड क्लिनिक तथा गैलेक्सी हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। वहीं वेलफेयर हॉस्पिटल, क्लासिक हॉस्पिटल और सेठी नर्सिंग होम में भी कई खामियां और नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके आधार पर इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने बताया कि संबंधित संस्थानों में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर 50 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक का आर्थिक दंड निर्धारित किया जाएगा। साथ ही नियमानुसार अन्य विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनपद में अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इसी क्रम में बहादराबाद, भगवानपुर, रुड़की, लक्सर और मंगलौर सहित अन्य विकासखंडों में भी संबंधित ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से सघन निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मानकों के संचालित होने वाले चिकित्सालयों और स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी तथा मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

You cannot copy content of this page