घने कोहरे में तेज रफ्तार का कहर: मंगलौर में दर्दनाक सड़क हादसे में होमगार्ड समेत दो की मौत

खबर डोज, रुड़की। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा तांशीपुर पिकेट के पास नहर पटरी मार्ग पर उस समय हुआ, जब घने कोहरे के बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जीजा-साले गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज से पहले ही दोनों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान लाल सिंह (40), जो उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात थे, और उनके साले अमरीश (35) निवासी जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। दोनों बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को कुचल दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया घना कोहरा हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए आसपास के इलाकों में जांच और संभावित सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







