देहरादून में बार बंद कराने पहुंची पुलिस के सामने आ गए आईजी साहब, दिखाया रौब, फिर कप्तान साहब ने संभाला मोर्चा

खबर डोज, देहरादून। राजधानी देहरादून में बार संचालकों की मनमानी एक बार फिर सुर्खियों में है। नियमों की अनदेखी करते हुए देर रात तक बार खुले रहने की शिकायत पर जब पुलिस कार्रवाई करने पहुंची, तो मौके पर ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने सभी को चौंका दिया। बार बंद कराने गई पुलिस टीम के सामने खुद आईजी स्तर के अधिकारी आ गए, जिसके बाद स्थिति कुछ देर के लिए असहज हो गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 12:30 बजे राजपुर रोड स्थित रोमियो लेन के एक बार में जमकर पार्टी चल रही थी। तेज संगीत और भीड़ के बीच बार में शराब परोसी जा रही थी, जबकि निर्धारित समय सीमा रात 11 बजे तक ही है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस ने बार बंद कराने की कार्रवाई शुरू की, उसी दौरान वहां आईजी साहब पहुंचे हुए थे, जो अपने कुछ परिचितों के साथ पार्टी कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों के सामने आईजी के आ जाने से स्थिति अचानक बदल गई। सूत्रों के मुताबिक, आईजी ने मौके पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पुलिस टीम को वहां से जाने के लिए कहा और अपना रौब भी दिखाया।
इस घटनाक्रम की जानकारी जैसे ही वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची, मामला तूल पकड़ गया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए खुद मोर्चा संभाला। वह रात करीब एक बजे मौके पर पहुंचे और बार को तत्काल बंद कराया। साथ ही बार संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में समय सीमा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने इस दौरान बार और आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें देर रात तक भीड़ और पार्टी का माहौल साफ नजर आया। अधिकारियों ने साफ किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले बार संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे कोई भी व्यक्ति या पद बीच में क्यों न आए।
गौरतलब है कि इससे पहले भी देहरादून में बारों की मनमानी को लेकर कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। बीते दिनों एक चर्चित मामले में देर रात शराब पार्टी के बाद हुए विवाद ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। इसके बावजूद कुछ बार संचालक नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक संचालन कर रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता का कहना है कि यदि नियमों का पालन कराने में इस तरह के हस्तक्षेप होंगे, तो कानून व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो जाएगा।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आगे से नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या दबाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब देखने वाली बात होगी कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और क्या वाकई देर रात तक चलने वाले बारों पर लगाम लग पाती है या नहीं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







चारधाम यात्रा: तपोवन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभालने खुद मैदान में उतरीं SSP श्वेता चौबे, ड्रोन और CCTV से कड़ी निगरानी