देहरादून: प्रेमनगर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, SHO को गोली, एक बदमाश ढेर

खबर डोज, देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस दौरान थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौड़ गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया। एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस ने सघन अभियान शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को प्रेमनगर क्षेत्र में लूट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध बदमाशों की घेराबंदी करते हुए उनका पीछा शुरू किया। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम बदमाशों के करीब पहुंची, आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान एक बदमाश गोली लगने से मौके पर ही ढेर हो गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी नरेश राठौड़ को गोली लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को फिलहाल स्थिर बताया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश में पूरे इलाके में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बदमाश किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
घटना के बाद प्रेमनगर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







