ईंट, सब्जी और स्क्रैप के खेल में कौड़िया फिर सुर्खियों में, “बिल है तो जाओ, नहीं तो भेंट पूजा” का खेल है जारी, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार क्षेत्र के कौड़िया चेक पोस्ट पर एक बार फिर अवैध वसूली का मामला सुर्खियों में है। यूपी सीमा से सटे इस चेक पोस्ट पर बाहरी राज्यों से आने वाली ईंट, सब्जी और स्क्रैप से लदी गाड़ियों से कथित रूप से “प्राइवेट टैक्स” वसूले जाने का खेल खुलेआम चल रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बिना बिल के आने वाले वाहनों को यहां से गुजरने के लिए “भेंट पूजा” देनी पड़ती है। खासकर ईंट से ओवरलोड भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से प्रति वाहन लगभग 750 रुपये तक की वसूली की जा रही है। पैसा देने के बाद ही इन वाहनों को चेक पोस्ट से आगे जाने की अनुमति मिलती है। यह 750 रुपए की वसूली सिर्फ ईट से भरी ट्रैक्टर ट्राली की बताई गई है। स्क्रैप और सब्जी के रेट अलग हैं।

बताया जा रहा है कि कौड़िया चेक पोस्ट से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजरती हैं, जिनमें कई के पास वैध बिल या दस्तावेज नहीं होते। इसके बावजूद, निर्धारित कार्रवाई के बजाय कथित रूप से अवैध वसूली कर उन्हें छोड़ दिया जाता है।

इस पूरे मामले में सबसे गंभीर बात यह है कि यह वसूली राज्य कर विभाग की नाक के नीचे हो रही है। आरोप हैं कि विभाग के कुछ कर्मी ही इस खेल में शामिल होकर सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे हैं।

प्रदेश सरकार जहां भ्रष्टाचार पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति की बात करती है, वहीं इस तरह के मामलों से सरकारी दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे पहले भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस अवैध वसूली का सीधा असर बाजार पर पड़ रहा है। ईंट, सब्जी और स्क्रैप के दामों में अनावश्यक बढ़ोतरी हो रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

फिलहाल, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो न केवल राजस्व का नुकसान जारी रहेगा बल्कि भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा मिलेगा।

अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है या फिर “भेंट पूजा” का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।

You cannot copy content of this page