सीएचसी लक्सर में डॉक्टर से अभद्रता, हाथापाई और जान से मारने की धमकी, पुलिस में शिकायत दर्ज

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, लक्सर। हरिद्वार जनपद के लक्सर स्थित संयुक्त स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात सरकारी चिकित्सक डॉ. अनमोल सिंह के साथ अभद्रता, गाली-गलौज, हाथापाई और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद डॉक्टर ने लक्सर पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब डॉ. अनमोल सिंह इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल फोन पर हर्षवर्धन नामक व्यक्ति का कॉल आया, जिसने उनकी लोकेशन पूछी। डॉक्टर द्वारा इमरजेंसी वार्ड में होने की जानकारी देने के कुछ ही देर बाद आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल परिसर में पहुंच गया।

आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोपियों ने डॉक्टर के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई की कोशिश की। मौके पर मौजूद अस्पताल स्टाफ ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, अन्यथा मामला और गंभीर हो सकता था। जाते-जाते आरोपी डॉक्टर को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि पूरा विवाद मरीजों को निजी अस्पताल में रेफर करने के कथित मामले से जुड़ा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, सीएचसी लक्सर में इंटर्नशिप कर रहा एक छात्र कथित रूप से मरीजों को एक निजी अस्पताल भेजने का काम कर रहा था। जब इसकी जानकारी डॉ. अनमोल सिंह को हुई तो उन्होंने संबंधित छात्र को इंटर्नशिप से हटा दिया। इसी कार्रवाई के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आ रही है।

घटना के बाद डरे-सहमे डॉ. अनमोल सिंह ने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन में भी हलचल मच गई है। अस्पताल परिसर में चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

You cannot copy content of this page