तीसरी बार पथरी कोतवाली की कमान संभालेंगे दरोगा रविंद्र कुमार, निरीक्षक कमल मोहन भंडारी को कलियर की जिम्मेदारी

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने कानून व्यवस्था को और मजबूत करने और कार्यप्रणाली में कसावट लाने के उद्देश्य से निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में कई अहम थानों और चौकियों पर नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक कमल मोहन भंडारी को हाईकोर्ट सेल से स्थानांतरित कर कोतवाली कलियर की कमान सौंपी गई है। वहीं उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार को कलियर कोतवाली से हटाकर एक बार फिर थानाध्यक्ष पथरी बनाया गया है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक मनोज नौटियाल को पथरी से पुलिस लाइन भेजा गया है। उपनिरीक्षक यशवीर, जो अब तक पथरी में एसएसआई के पद पर तैनात थे, उन्हें प्रभारी चौकी भिक्कमपुर (लक्सर) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उपनिरीक्षक लोकपाल परमार को भिक्कमपुर चौकी से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है।
तीसरी बार पथरी की जिम्मेदारी, उठे सवाल
गौरतलब है कि उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार को तीसरी बार पथरी कोतवाली की कमान सौंपी गई है। एक ही दरोगा को बार-बार एक ही थाने की जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर पुलिस महकमे और स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बताया जाता है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान पथरी क्षेत्र में हुए चर्चित शराबकांड के बाद रविंद्र कुमार को थाने से हटा दिया गया था। हालांकि कुछ समय बाद उन्हें फिर से जिम्मेदारी दी गई और बाद में कलियर कोतवाली का भी प्रभार सौंपा गया। अब एक बार फिर उन्हें पथरी की कमान मिलने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों और जानकारों के बीच यह चर्चा है कि आखिर किन परिस्थितियों में एक ही अधिकारी को बार-बार उसी कोतवाली की जिम्मेदारी दी जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन का मानना है कि यह फैसला अनुभव और क्षेत्र की समझ को देखते हुए लिया गया है, ताकि कानून व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




हरिद्वार प्रेस क्लब चुनाव: रिकॉर्ड मतों से रिपीट हुए अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, शानदार जीत, सूर्यकांत बने महासचिव, जीत का जश्न, देखिए वीडियो 

