कोटद्वार में शांति एवं सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट, पुलिस की सघन चेकिंग और सतत निगरानी जारी

खबर डोज, कोटद्वार। नगर क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पौड़ी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। कोटद्वार में सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान और निगरानी की जा रही है।

पुलिस प्रशासन के निर्देश पर जनपद में प्रवेश और निकास करने वाले सभी वाहनों की बैरियर प्वाइंट्स पर गहन जांच की जा रही है। वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है। बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश को समय रहते रोका जा सके।

नगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, संवेदनशील स्थानों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस टीमें लगातार पैदल गश्त और मोबाइल गश्त कर रही हैं, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। वरिष्ठ अधिकारी भी समय-समय पर स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाहर से आकर कोटद्वार का माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने या किसी भी प्रकार से शांति भंग करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की अराजकता या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पौड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर अफवाहों को न फैलाएं। यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सकता है, और इसके लिए पुलिस हर स्तर पर प्रतिबद्ध है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








