वायरल वीडियो पर कनखल पुलिस की कार्रवाई, पवन भगवा गिरफ्तार, मारपीट, गाली गलौच और बलवे की धाराओं में मामला दर्ज

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मारपीट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पवन भगवा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच और बलवा जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, देर शाम एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ युवक एक व्यक्ति को जबरन गाड़ी में बैठाकर उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई।

एसएसआई कनखल सतेंद्र भंडारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर भगत सिंह चौक निवासी पवन भगवा की पहचान की गई और उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, वीडियो में शामिल कुछ युवकों का दावा था कि जिस व्यक्ति के साथ मारपीट की गई, वह कथित रूप से गौ तस्करी में लिप्त था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद जिले की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page