कांवड़ मेला-2026: डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने बैरागी कैंप और पंतद्वीप पार्किंग का किया निरीक्षण

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन लगातार मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बैरागी कैंप पार्किंग और पंतद्वीप पार्किंग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थलों पर वाहनों की सुचारु आवाजाही, पर्याप्त संकेतक (साइन बोर्ड), स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं एसएसपी नवनीत सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, यातायात को व्यवस्थित रखने तथा पुलिस बल की प्रभावी तैनाती के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल हों। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी प्रकार की कमी न रहने दें।
जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से की जा रही हैं तथा प्रत्येक व्यवस्था की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







