हरिद्वार: फुलगढ़ जंगल गैंगरेप कांड का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एसएसपी के निर्देश पर पांच दिन में पुलिस ने सुलझाया मामला

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने पथरी थाना क्षेत्र के फुलगढ़ जंगल में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और उसके साथी युवक के साथ मारपीट के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात सुल्तानपुर लक्सर से तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर एक युवक और नाबालिग लड़की को फुलगढ़ जंगल के पास छोड़कर वापस लौट गए। इसी दौरान जंगल के समीप शराब पी रहे तीन युवकों ने उन्हें देख अपने तीन अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।

आरोप है कि छह युवकों ने युवक और युवती को जंगल के अंदर ले जाकर चार आरोपियों ने युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की, जबकि दो आरोपी युवती को जंगल के भीतर ले गए। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी महेश उर्फ मंत्री ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

13 जुलाई को पीड़िता के परिजन की शिकायत पर थाना पथरी में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल संज्ञान लेकर थानाध्यक्ष पथरी को घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और तीन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। आखिरकार 17 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर फुलगढ़ जंगल में छापेमारी कर सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कुमार (25), सुमित (25), आशु (22), शुभम (22), महेश उर्फ मंत्री (29) और आकाश (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम फुलगढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी फेरूपुर विपिन कुमार, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, पुलिस कर्मियों तथा सीआईयू रुड़की की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You cannot copy content of this page