कांवड़ मेला-2026: 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र, डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित करते हुए सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, घाटों की व्यवस्था तथा कांवड़ मार्गों की स्थिति का नियमित निरीक्षण करेंगे। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा कि मेला अवधि के दौरान सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में निरंतर मौजूद रहेंगे तथा कंट्रोल रूम से प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने और किसी भी शिकायत का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

18 सुपर जोन में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती

जारी आदेश के अनुसार हर की पैड़ी क्षेत्र में नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर रोड में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, मनसा देवी क्षेत्र में अपर जिलाधिकारी योगेश मेहरा, खड़खड़ी में एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, सप्तऋषि से पंतद्वीप क्षेत्र में अपर मेलाधिकारी मनजीत सिंह, हाईवे प्रथम में संयुक्त आयुक्त राज्यकर नीरज कुमार, रोड़ीबेलवाला में उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, हाईवे द्वितीय में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुंवर, सिंहद्वार से पतंजलि योगपीठ तक जिला विकास अधिकारी कमलेश पंत, पतंजलि योगपीठ से अब्दुल कलाम चौक तक डॉ. विकास ठाकुर, मंगलौर में अधीक्षण अभियंता डी.पी. सिंह, कलियर-भगवानपुर क्षेत्र में एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी, रुड़की-गंगनहर क्षेत्र में नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, लक्सर क्षेत्र में एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला, बीएचईएल क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, धनौरी नहर पटरी में डॉ. स्वास्तिक, बैरागी कैंप में अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार तथा गंगापार क्षेत्र में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.सी. जोशी को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके अलावा शेष 40 जोन और 141 सेक्टरों में भी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

करोड़ों शिवभक्तों को मिले बेहतर सुविधाएं

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि श्रावण कांवड़ मेला प्रदेश की आस्था का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। ऐसे में सभी अधिकारी टीम भावना, संवेदनशीलता और पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें, ताकि देशभर से आने वाले करोड़ों शिवभक्त कांवड़ियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा श्रावण कांवड़ मेला-2026 का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित हो सके।

You cannot copy content of this page