नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को कोटद्वार पुलिस ने किया गिरफ्तार

खबर डोज, कोटद्वार। जनपद पौड़ी में महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में कोटद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार 26 फरवरी 2026 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति द्वारा कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ शुभम नामक युवक ने दुष्कर्म किया, जिसके कारण वह गर्भवती हो गई। परिजनों को घटना की जानकारी होने के बाद पीड़िता ने अपने साथ हुई घटना के बारे में विस्तार से बताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कोटद्वार में पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियुक्त शुभम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए इस प्रकरण में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देशों के बाद प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया। साथ ही अन्य आवश्यक साक्ष्य भी एकत्रित किए गए। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शुभम की संलिप्तता की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार 10 मार्च 2026 को आरोपी शुभम पुत्र सतीश चंद्र निवासी गिवाईस्त्रोत, थाना कोटद्वार, जनपद पौड़ी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दीपिका बिष्ट, एएसआई वीर बहादुर और होमगार्ड सपना शामिल रहे, जिन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पौड़ी पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की महिला या बाल अपराध से जुड़ी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







लोनिवि की लीपापोती: हिलबाई पास रोड है बंद, सीएम और डीएम से शिकायत के बाद भी जारी है निर्माण कार्य, व्यापारी ने लगाए आरोप, देखिए वीडियो