कोटद्वार के जिम ट्रेनर दीपक को सोशल मीडिया पर मिली जान से मारने की धमकी, आरोपी की पहचान के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला कोटद्वार से सामने आया है। इस प्रकरण में कोटद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल अभियोग पंजीकृत किया, बल्कि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 8 फरवरी 2026 को दीपक कुमार निवासी कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। शिकायत में उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। इतना ही नहीं, आरोपी ने उनके खिलाफ दो लाख रुपये का इनाम घोषित करने जैसी बात भी कही गई, जिससे पीड़ित मानसिक रूप से भयभीत हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार को अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली कोटद्वार में धारा 351(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पौड़ी पुलिस ने आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष के रूप में की है, जो मोतीहारी, बिहार का निवासी बताया जा रहा है। आरोपी की पहचान सामने आने के बाद कोटद्वार पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क स्थापित कर लिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के अनुसार आरोपी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस की टीम लगातार बिहार पुलिस के संपर्क में है। जल्द ही आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस प्रकार की धमकियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और उससे जुड़े अपराधों पर गंभीर चिंता भी जाहिर करता है।

You cannot copy content of this page