कुंभ मेला-2027 प्रशिक्षण का पांचवां दिन: भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक, अग्निशमन और सॉफ्ट स्किल्स पर प्रशिक्षुओं को दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार जारी है। शुक्रवार को आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत के मार्गदर्शन एवं एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल के पर्यवेक्षण में सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र, हरिद्वार में आयोजित प्रशिक्षण के तृतीय चरण के पांचवें दिन 208 प्रशिक्षुओं को विभिन्न व्यवहारिक एवं तकनीकी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनुषा बडोला ने मेला पुलिस कर्मियों के आचरण एवं व्यवहार (सॉफ्ट स्किल्स), अनुशासन, टर्नआउट, कर्तव्य, उत्तरदायित्व तथा पुलिस बल का मनोबल उच्च बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में पुलिस का व्यवहार और अनुशासन श्रद्धालुओं के बीच सकारात्मक संदेश देने में अहम भूमिका निभाता है।

वहीं पुलिस उपाधीक्षक विपेंद्र कुमार ने कुंभ मेले के दौरान विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों की यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई को लेकर प्रशिक्षुओं को विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) बीरबल सिंह ने अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, आग बुझाने के सिद्धांत तथा आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।
इसके अलावा अपर प्लाटून कमांडर उत्तम सिंह एवं हेड कांस्टेबल मनोज मलिक (फ्लड कंपनी, ई-दल, 40वीं वाहिनी पीएसी) ने घाटों पर तैनात जल पुलिस के दायित्व, एसडीआरएफ, केंद्रीय बलों एवं अन्य एजेंसियों के बीच समन्वय तथा आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में संयुक्त कार्रवाई के बारे में प्रशिक्षुओं को जानकारी दी।
प्रशिक्षण के उपरांत प्रशिक्षुओं को शाम के समय हर की पैड़ी, सीसीआर, चंडी चौक, हर की पैड़ी पार्किंग, खड़खड़ी क्षेत्र, भारत माता मंदिर, मनसा देवी, दक्षेश्वर महादेव मंदिर (कनखल) और बैरागी कैंप सहित विभिन्न कुंभ मेला स्थलों का भ्रमण कराया गया। भ्रमण का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की वास्तविक व्यवस्था से परिचित कराना था।
इस दौरान दक्षेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, आरआई नरेंद्र मेहरा, एचडीआई महिपाल सिंह बिष्ट तथा सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेला-2027 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए पुलिस कर्मियों को व्यवहारिक, तकनीकी और आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रत्येक पहलू का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि किसी भी परिस्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर जंतर-मंतर धरने में पहुंचा निलंबित कांस्टेबल, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप 

