उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर जंतर-मंतर धरने में पहुंचा निलंबित कांस्टेबल, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद उत्तराखंड पुलिस महकमे में हलचल मच गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति शेर सिंह है, जो उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात रह चुका है। बताया जा रहा है कि उसे वर्ष 2025 में निलंबित कर दिया गया था। इसके बावजूद उसके पुलिस की वर्दी पहनकर सार्वजनिक धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, शेर सिंह की पूर्व में पिथौरागढ़ जिले में तैनाती रही है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि वर्तमान में उसकी सेवा स्थिति क्या है, वह अब भी पुलिस विभाग से संबद्ध है या नहीं, और यदि वह निलंबित है तो वर्दी पहनकर सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने के मामले में उसके खिलाफ क्या वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी रिपोर्ट तलब की गई है। संबंधित अधिकारियों से तथ्य जुटाए जा रहे हैं और वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और तथ्यों की पुष्टि के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







