कोटद्वार: सिद्धबली मंदिर में 5 दिसंबर से वार्षिक अनुष्ठान महोत्सव, 7 को लखवीर सिंह लक्खा देंगे भजन प्रस्तुति, देखिए वीडियो

खबर डोज, कोटद्वार। प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री सिद्धबली मंदिर में आगामी 5 दिसंबर से वार्षिक अनुष्ठान महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अनुष्ठान महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है, जबकि नगर क्षेत्र में भी आयोजन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
मंदिर प्रशासन के अनुसार अनुष्ठान महोत्सव 5 दिसंबर से विधिवत पूजन, हवन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रारम्भ होगा। इसके लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 7 दिसंबर को आयोजित होने वाला भजन संध्या कार्यक्रम होगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लक्खा दोपहर में अपनी भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देंगे। उनके आगमन की जानकारी मिलते ही भक्तों में खासा उत्साह है। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर समिति ने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान भक्तों के लिए जलपान, प्रसाद वितरण, चिकित्सा सहायता और पार्किंग की विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। वहीं साफ–सफाई एवं यातायात प्रबंधन के लिए नगर पालिका और पुलिस विभाग के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
सिद्धबली बाबा का वार्षिक अनुष्ठान महोत्सव गढ़वाल क्षेत्र ही नहीं बल्कि दूर–दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का एक बड़ा पर्व बन चुका है। आगामी दिनों में मंदिर प्रांगण एवं आसपास का क्षेत्र भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








