होटल विस्तारा में देर रात बवाल, डीजे को लेकर मारपीट, डीजे वाले बाबू समेत 5 हिरासत में

खबर डोज, हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के शिवालिक नगर स्थित होटल विस्तारा में देर रात पार्टी के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार 28 मार्च 2026 की रात होटल में चल रही पार्टी के दौरान कुछ लोग शराब के नशे में डीजे संचालकों से तेज आवाज में गाने बजाने को लेकर बहस करने लगे। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नशे में धुत होने के कारण वे नहीं माने और झगड़ा जारी रखा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के कुल पांच लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया। सभी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में लिए गए आरोपियों में राजकुमार पुत्र सुमनपाल निवासी रावली महदूद, अभिमन्यु चौहान पुत्र अर्जुन चौहान निवासी सीतापुर ज्वालापुर, अनुज झा पुत्र प्रमोद झा निवासी सीतापुर ज्वालापुर, चितरजन पुत्र बाबूराम निवासी रावली महदूद और रजत पुत्र बाबूराम निवासी रावली महदूद शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत (चौकी प्रभारी गैस प्लांट) के साथ कांस्टेबल विवेक गुसाईं, कुँवर राणा, गिरीन्द्र और वीरेन्द्र जोशी शामिल रहे। पुलिस की तत्परता से स्थिति को समय रहते काबू में कर लिया गया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







