48 घंटे में लूट का खुलासा, तीन लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में, नकदी और मोबाइल बरामद

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, मुनिकीरेती। मुनिकीरेती पुलिस ने लूट की एक घटना का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी में से ₹12,500 और पीड़ित का Tecno Spark मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से एक-एक चाकू भी बरामद हुआ है। इनमें से एक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे स्वामीनारायण आश्रम के पास हरेन्द्र सिंह भंडारी निवासी नंदा नगर नंदप्रयाग, चमोली, हाल निवासी शीशम झाड़ी, मुनिकीरेती के साथ तीन अज्ञात युवकों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने उनसे नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया था। मामले में पीड़ित की तहरीर पर 1 सितंबर को थाना मुनिकीरेती में मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर को सौंपी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी और क्षेत्राधिकारी नरेन्द्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के मार्गों पर लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी और पतारसी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

लगातार प्रयासों के बाद 2 सितंबर को पुलिस टीम ने खारा स्रोत पुल के पास से अमन प्रसाद और अंकित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान अमन के कब्जे से ₹5,000 और एक चाकू, अंकित से ₹4,000 और एक चाकू तथा नाबालिग के कब्जे से ₹3,500 नकद और पीड़ित का Tecno Spark मोबाइल फोन बरामद हुआ।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई, जबकि चाकू बरामद होने के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्तार अमन प्रसाद की उम्र करीब 20 वर्ष है और वह चन्द्रेश्वर नगर, ऋषिकेश का निवासी है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं तथा वह पूर्व में जेल जा चुका है। पुलिस अब आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि नाबालिग के संबंध में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

You cannot copy content of this page