कोर्ट परिसर से चोरी हुई बाइक गंगनहर पुलिस ने की बरामद, वाहन चोर गिरफ्तार

खबर डोज, रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कोर्ट परिसर रामनगर से चोरी हुई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। डिजिटल साक्ष्यों, पतारसी-सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को कोर्ट परिसर रामनगर से सचिन कुमार की मोटरसाइकिल अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। मामले में वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा अपराध संख्या 340/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी हुए वाहन की बरामदगी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर ने पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला। इसके साथ ही पुलिस ने पतारसी-सुरागरसी करते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
पुलिस टीम को मिली सूचना के आधार पर 2 सितंबर 2026 को लाठरदेव पनियाला तिराहे के पास आम के बाग से आरोपी मोमीन पुत्र शकील निवासी लंढौरा, कोतवाली मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई काले रंग की बिना नंबर की प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजलवान और हेड कांस्टेबल यूनुस शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







