उत्तराखंड पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, IG से लेकर ASP स्तर तक कई अधिकारियों के तबादले

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेशों के अनुसार कुम्भ मेला-2027 हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार का सेनानायक नियुक्त किया गया है। वहीं 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार के सेनानायक हरीश वर्मा को आईआरबी प्रथम रामनगर का सेनानायक बनाया गया है। आईआरबी प्रथम रामनगर की सेनानायक अनीता श्रीवास्तव को सीआईडी सेक्टर देहरादून में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उधमसिंहनगर में अपराध एवं यातायात के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र चौधरी को अब देहरादून में अपराध एवं यातायात का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

आईजी स्तर पर हुए फेरबदल में विम्मी सचदेवा को पुलिस महानिरीक्षक पीएंडएम से पुलिस महानिरीक्षक दूरसंचार एवं फायर सर्विसेज की जिम्मेदारी दी गई है। कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल की आईजी रिद्धिम अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, सीसीटीएनएस और एससीआरबी बनाया गया है। कृष्ण कुमार वी.के. को पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं जीआरपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण एवं राज्य मानवाधिकार आयोग अनन्त शंकर ताकवाले को पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी बनाया गया है। सुनील कुमार मीणा को पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक, पीएसी तथा सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड नियुक्त किया गया है। योगेन्द्र सिंह रावत को पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि निवेदिता कुकरेती को कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। प्रतीक्षारत बरिंदरजीत सिंह को पुलिस मुख्यालय एवं पीएंडएम का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) अधिकारियों के तबादलों में वीर सिंह को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर से आईआरबी प्रथम रामनगर में उपसेनानायक बनाया गया है। लोकजीत सिंह को पुलिस अधीक्षक यातायात देहरादून से पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था/शिकायत की जिम्मेदारी दी गई है। विपल आचार्य को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में उपसेनानायक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा एसडीआरएफ में तैनात शालगुन पराशर को अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम बनाया गया है। वहीं अंकुश मिश्रा को अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं तथा कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराने को कहा है। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक एवं कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







