अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, तिरपाल और शेड न हटाने की मांग

खबर डोज, हरिद्वार। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मुलाकात कर शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के संबंध में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अभियान के दौरान व्यापारियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानों पर लगी तिरपाल और शेड को अतिक्रमण की श्रेणी में नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी प्रशासन के निर्देश पर तिरपाल हटा भी देते हैं, लेकिन कई बार अभियान के दौरान इन्हें जबरन हटाया जाता है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। तिरपाल और शेड ग्राहकों तथा व्यापारियों को धूप, बारिश और गर्मी से राहत प्रदान करते हैं और व्यापार संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि छोटे और मझोले व्यापारियों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। डॉ. गर्ग ने कहा कि व्यापारी वर्ग हमेशा शासन-प्रशासन का सहयोग करता आया है। कांवड़ मेला, स्नान पर्व, अर्धकुंभ और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों में व्यापारियों ने प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्थाओं को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कई बार व्यापारियों के सामान को भी नुकसान पहुंचता है, जिससे उन्हें आर्थिक क्षति होती है। अभियान के नाम पर व्यापारियों का अहित नहीं होना चाहिए और दुकानों के शेड हटाने से व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
व्यापार मंडल के संगठन महामंत्री योगेश भारद्वाज और शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने भी जिलाधिकारी से मांग की कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान व्यापारियों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन क्षेत्रों में अभियान चलाया जाना है, उसकी पूर्व सूचना व्यापारियों को दी जाए ताकि वे अपने सामान की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें और अनावश्यक नुकसान से बचा जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा और अतिक्रमण हटाओ अभियान को संतुलित एवं व्यावहारिक तरीके से संचालित करेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







