नगर निगम हरिद्वार ने शुरू किया ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’, गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान का आगाज

ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा की थीम “स्वच्छोत्सव” के अंतर्गत आज नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र में गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय महापौर किरण जैसल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत प्रेम नगर घाट के सामने बने नए घाट से हुई, जहाँ निगम कर्मियों व स्थानीय नागरिकों के सहयोग से व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर महापौर किरन जैसल ने कहा कि “हरिद्वार की पहचान स्वच्छता और आध्यात्मिकता दोनों से है, और जब नगर की स्वच्छता में जनता का हाथ जुड़ता है तभी यह प्रयास सफल हो पाता है।

उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक नगर निगम के सभी 60 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाए जाएंगे। शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निगम द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं सफाई संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा तथा नगर निगम की टीम उपस्थित रही।

कनखल क्षेत्र में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में सफाई कार्य संपन्न हुआ। भूपतवाला क्षेत्र में मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार ने मोर्चा संभाला। भीमगोडा क्षेत्र में सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल ने नेतृत्व किया। गंगा घाटों पर मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह के नेतृत्व में विशेष सफाई हुई। जटवाड़ा क्षेत्र में मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार ने जिम्मेदारी निभाई। ज्वालापुर क्षेत्र में विशेष निरीक्षक विकास चौधरी और मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर के नेतृत्व में सफाई कार्य हुआ।

You cannot copy content of this page