हर-हर महादेव के जनघोष से गूंजा नीलकंठ, महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, पौड़ी पुलिस रही मुस्तैद, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, पौड़ी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद पौड़ी के समस्त शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के सुबह से ही मंदिरों में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन किया। जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।


भीड़ के मद्देनज़र पौड़ी पुलिस ने व्यापक एवं सुनियोजित सुरक्षा प्रबंधन लागू किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद के प्रमुख मंदिरों, शिवालयों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। मंदिर परिसरों, प्रवेश और निकास द्वारों, पार्किंग स्थलों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई।
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। पुलिस कर्मियों ने लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की और धैर्यपूर्वक दर्शन करने का अनुरोध किया। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वयं विभिन्न मंदिरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक डायवर्जन प्लान लागू किया गया। प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस की तैनाती की गई, वहीं पार्किंग स्थलों पर भी समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सतत गश्त और निगरानी की गई, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ बनी रही।
पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और श्रद्धालुओं के सहयोग से महाशिवरात्रि का पर्व जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

You cannot copy content of this page