हरिद्वार में नवनियुक्त जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने संभाला कार्यभार, कालाबाजारी पर सख्ती के संकेत

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में नवनियुक्त जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने फिलहाल प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी के रूप में जनपद में तैनाती ली है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने विभागीय व्यवस्थाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत मुकेश पाल ने स्पष्ट किया कि जनपद में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर समय से राशन और गैस उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने, पात्र लाभार्थियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
नवनियुक्त जिला पूर्ति अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की, ताकि पारदर्शी और सुचारु आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
जनपद में उनकी नियुक्ति को लेकर विभागीय हलकों में सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में पूर्ति विभाग की कार्यशैली में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







