पौड़ी गढ़वाल निवासी हेड कांस्टेबल दिनेश नेगी का निधन, देहरादून पुलिस लाइन में शोक की लहर

खबर डोज, देहरादून। पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त मुख्य आरक्षी दिनेश सिंह नेगी का उपचार के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य आरक्षी दिनेश सिंह नेगी ब्रेन ट्यूमर से ग्रसित थे और उनका उपचार देहरादून स्थित महंत इंद्रेश अस्पताल में चल रहा था। वे बीते 22 दिसंबर 2025 से अस्पताल में भर्ती थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
मुख्य आरक्षी दिनेश सिंह नेगी मूल रूप से जनपद पौड़ी गढ़वाल के निवासी थे। वर्तमान में वे अपने परिवार के साथ देहरादून में रह रहे थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी सहित तीन बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्रियां और एक पुत्र शामिल हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने दिवंगत मुख्य आरक्षी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है। एसएसपी ने इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवार को धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
उल्लेखनीय है कि दिनेश सिंह नेगी वर्ष 2001 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन के साथ अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2022 में उन्हें मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति प्राप्त हुई थी।
पुलिस विभाग के सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्मठ, मिलनसार और ईमानदार पुलिसकर्मी के रूप में याद किया। उनके निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







