पौड़ी LIU निरीक्षक एसडी नेगी निलंबित, कार्रवाई के कारणों पर सस्पेंस

–दिल्ली में अंकिता के माता-पिता के धरने की सूचना समय पर नहीं मिलने को लेकर विभागीय चूक की चर्चा, निलंबन की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं
खबर डोज, पौड़ी। पौड़ी मुख्यालय में तैनात स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) के निरीक्षक एसडी नेगी को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, उनके निलंबन के पीछे की आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस बीच अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम और दिल्ली में उनके माता-पिता के धरने की सूचना पुलिस तंत्र तक समय पर नहीं पहुंचने को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, इस घटनाक्रम और निलंबन के बीच किसी आधिकारिक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, अंकिता भंडारी के माता-पिता के दिल्ली में धरने पर बैठने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया था। धरने में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शामिल होने के बाद प्रकरण को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक चर्चा मिली। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाएं तेज होने की बात कही जा रही है।
बताया जाता है कि अंकिता की मां और भाई दिल्ली में रहते हैं, जबकि उनके पिता पौड़ी मुख्यालय के निकट डोभ श्रीकोट गांव में रहते हैं। चर्चा है कि अंकिता की मां और भाई ने उनके पिता को भी दिल्ली बुलाया था, जिसके बाद वह धरने में शामिल हुए। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी स्थानीय अभिसूचना इकाई को समय रहते क्यों नहीं मिल पाई, इसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
इससे पहले, दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद अंकिता भंडारी के पिता ने पौड़ी में बयान देते हुए इस नियुक्ति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। बताया जाता है कि उनके बयान से संबंधित सूचना पौड़ी LIU की ओर से उच्चाधिकारियों को भेजी गई थी।
ऐसे में अब यह चर्चा हो रही है कि जब अंकिता के पिता के बयान की जानकारी विभागीय स्तर पर भेजी गई थी, तो उनके दिल्ली पहुंचने और धरने में शामिल होने की सूचना समय रहते संबंधित अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंच सकी। माना जा रहा है कि यदि निलंबन का संबंध इस घटनाक्रम से है, तो विभाग ने इसे सूचना तंत्र की गंभीर चूक के रूप में लिया होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल निलंबन की वजह पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं
निरीक्षक एसडी नेगी के निलंबन को लेकर विभाग की ओर से आधिकारिक कारण सार्वजनिक होने तक यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि कार्रवाई अंकिता भंडारी प्रकरण से संबंधित किसी चूक के चलते की गई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। अब विभागीय स्तर पर आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने के बाद ही निलंबन के वास्तविक कारणों की स्थिति साफ हो सकेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







गंगा घाट तो बना दिए, लेकिन श्रद्धालु पहुंचेंगे कैसे? पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था पर उठे सवाल: मैडम जी यह अर्द्धकुंभ है या फिर कुंभ 
