शहर में अमन चैन कायम, भड़काऊ बयानबाजी पर कोटद्वार पुलिस की सख्त कार्रवाई, गिरफ्तार दीपक बजरंगी ने मांगी माफी, देखिए वीडियो

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार में बाबा नाम बदलने को लेकर उपजे विवाद के बाद माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के दिशा-निर्देशन में कोटद्वार पुलिस ने सख़्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हंगामे के दौरान भड़काऊ बयानबाजी करने वाले कोटद्वार निवासी दीपक बजरंगी को पुलिस ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान दीपक बजरंगी द्वारा दिए गए आपत्तिजनक और नफरत फैलाने वाले बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं गिरफ्तारी के बाद दीपक बजरंगी की ओर से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने भड़काऊ बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगता नजर आ रहा है। वीडियो में दीपक ने कहा है कि उसके बयान से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह उसके लिए खेद प्रकट करता है।
इधर, एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, यूट्यूब, व्हाट्सएप सहित अन्य माध्यमों पर कड़ी निगरानी बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई भी व्यक्ति या समूह सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ, आपत्तिजनक या शांति भंग करने वाली पोस्ट करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध या भड़काऊ सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







