कांवड़ मेले की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट, वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों में भरा जोश

–श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सर्वोच्च प्राथमिकता, पौड़ी मेला क्षेत्र में दो सुपर जोन, सात जोन और 23 सेक्टर बनाए गए
खबर डोज, ऋषिकेश। श्री नीलकंठ श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। सोमवार को महाविद्यालय ऋषिकेश परिसर में कांवड़ मेला ड्यूटी में तैनात पौड़ी, टिहरी और देहरादून जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस बल का उत्साहवर्धन करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल ने पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल भी मौजूद रहे।

वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और उत्तराखंड की प्रतिष्ठा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी को धैर्य, अनुशासन, सेवा-भाव और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सहयोगात्मक एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा जाए तथा किसी भी परिस्थिति में सतर्कता में कमी न आने दी जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयार किए गए ट्रैफिक प्लान का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

ब्रीफिंग में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि भ्रामक, असत्य एवं अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर लगातार नजर रखी जाए तथा ऐसी खबरों का तत्काल तथ्यात्मक खंडन करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह से कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।
पौड़ी जनपद में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था
कांवड़ मेले के दौरान प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन के लिए पौड़ी जनपद के सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 7 जोन तथा 23 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सुपर जोन की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक, जोन की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी एवं निरीक्षकों तथा सेक्टरों की जिम्मेदारी निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों को सौंपी गई है। इसके अलावा 5 अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं और 23 मोबाइल पुलिस पार्टियां 24 घंटे यात्रा मार्ग पर तैनात रहेंगी, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लगातार सुचारु बनी रहे।
उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि पूरी तैयारी, पूर्ण समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ पुलिस बल कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए हर मोर्चे पर पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







