डीएम साहब कांवड़ और कुंभ मेले में क्या सक्रिय रहेगा आबकारी विभाग, ज्वालापुर शेत्र के 16 स्थानों पर 29 शराब माफिया सक्रिय, चैन की नींद सोया आबकारी विभाग

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में आगामी कांवड़ मेले और वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम और अन्य विभाग पूरी सक्रियता के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। ऐसे समय में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ज्वालापुर क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा।


जानकारी के अनुसार, ज्वालापुर क्षेत्र के करीब 16 स्थानों पर 29 से अधिक कथित शराब माफिया सक्रिय हैं। इनमें खन्ना नगर, गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़, कच्छड़, काली मंदिर क्षेत्र, घास मंडी और पीठ बाजार जैसे इलाके प्रमुख बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन स्थानों पर लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन आबकारी विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है।


कांवड़ मेले के दौरान लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचते हैं और इसके बाद कुंभ मेले जैसा विशाल आयोजन भी प्रस्तावित है। ऐसे में धार्मिक नगरी में अवैध शराब की उपलब्धता सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और धार्मिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया तो मेले के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।


स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि आबकारी विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए जाएं तथा अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित छापेमारी, निगरानी और पुलिस-आबकारी विभाग के संयुक्त अभियान चलाए जाएं ताकि कांवड़ और कुंभ जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।

You cannot copy content of this page