ड्रग विभाग से कार्रवाई में तेज निकली पुलिस, नशीली दवाओं समेत तस्कर दबोचा, मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई में फिसड्डी ड्रग विभाग

खबर डोज, हरिद्वार। जिले में बढ़ते नशे के कारोबार के बीच हरिद्वार पुलिस की सक्रियता लगातार देखने को मिल रही है, लेकिन इसी के साथ ड्रग विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। हालात ऐसे है कि जहां एक ओर पुलिस लगातार मेडिकल स्टोरों से अवैध और नशीली दवाइयां बरामद कर रही है, वहीं दूसरी ओर संबंधित विभाग की कार्रवाई अपेक्षाकृत कमजोर नजर आ रही है।
पुलिस पहले से ही कानून-व्यवस्था, चोरी, झगड़े, पारिवारिक विवाद, ट्रैफिक और खनन जैसे कई मोर्चों पर काम कर रही है। इसके बावजूद नशे के खिलाफ अभियान में भी पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में लक्सर कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 120 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जिनमें ट्रामाडोल सहित अन्य प्रतिबंधित दवाइयां शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह दवाइयां मेडिकल स्टोर से लाकर क्षेत्र में नशा करने वालों को ऊंचे दामों पर बेचता था।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर जिलेभर में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लगातार छापेमारी की जा रही है और अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। लक्सर पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हालांकि, इन लगातार हो रही बरामदगियों ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—जब नशीली दवाइयों की सप्लाई मेडिकल स्टोरों से हो रही है, तो आखिर ड्रग विभाग इन पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रहा है? क्या विभागीय स्तर पर निगरानी में कमी है या फिर कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है?
अब देखने वाली बात होगी कि इस मुद्दे पर ड्रग विभाग कब तक सक्रिय होता है और अवैध दवाइयों के इस नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







