बहादराबाद और ज्वालापुर में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई, मचा हड़कंप

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में बिजली चोरी के विरुद्ध ऊर्जा विभाग की ओर से चलाया जा रहा अभियान फिलहाल कुछ चुनिंदा मोहल्लों तक ही सीमित नजर आ रहा है। विभाग की इस एकतरफा कार्रवाई को लेकर अब स्थानीय नागरिकों में असंतोष बढ़ने लगा है। लोगों का कहना है कि कार्रवाई केवल गिने-चुने इलाकों में की जा रही है, जबकि अन्य क्षेत्रों में खुलेआम बिजली चोरी जारी है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार ऊर्जा विभाग की ओर से बार-बार उन्हीं मोहल्लों में छापेमारी की जा रही है, जिससे यह प्रतीत होता है कि विभाग ने पहले से ही कुछ क्षेत्रों को ही लक्ष्य बनाया हुआ है। वहीं, शेष इलाकों में हो रही बिजली चोरी पर कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण वहां चोरी का सिलसिला बदस्तूर जारी है। इससे न केवल राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि ईमानदारी से बिजली बिल चुकाने वाले उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार पड़ रहा है।
लोगों का यह भी कहना है कि सीमित क्षेत्रों में कार्रवाई होने से व्यापक स्तर पर बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। यदि विभाग वास्तव में बिजली चोरी रोकने के प्रति गंभीर है, तो उसे ज्वालापुर क्षेत्र के सभी मोहल्लों में समान रूप से अभियान चलाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने ऊर्जा विभाग से मांग की है कि बिजली चोरी के विरुद्ध कार्रवाई को निष्पक्ष और व्यापक बनाया जाए। सभी इलाकों में नियमित जांच, सख्त प्रवर्तन और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि बिजली चोरी पर पूरी तरह रोक लग सके और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।

अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह बहादराबाद और ज्वालापुर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया है। दोनों क्षेत्रों में लगभग 35 जगहों पर छापेमारी अभियान चलाया है।

You cannot copy content of this page