कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश

खबर डोज, हरिद्वार। शनिवार को कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के क्रम में मेलाधिकारी कुंभ हरिद्वार सोनिका ने मेला क्षेत्र के अंतर्गत जनपद टिहरी, पौड़ी गढ़वाल और देहरादून का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला 2027 की दृष्टि से आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं का गहन आकलन किया गया। इसमें सड़कों की वर्तमान स्थिति, अस्थायी पार्किंग व्यवस्था, घाटों के निर्माण एवं सुधार से जुड़े आवश्यक कार्यों का निरीक्षण प्रमुख रूप से शामिल रहा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कुंभ मेला 2027 को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने को लेकर सभी आवश्यक कार्यों की आगणन (एस्टिमेट) समयबद्ध रूप से तैयार कर प्रस्तुत की जाए।

मेलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, नगर पालिका परिषद सहित अन्य संबंधित विभागों को आगामी कुंभ मेला को ध्यान में रखते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। इसके साथ ही स्वर्गाश्रम क्षेत्र और नीलकंठ सड़क मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। नीलकंठ मार्ग की स्थिति में सुधार लाने को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत लक्ष्मण झूला क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी अवलोकन किया गया, जहां कुंभ मेला–2027 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला–2027 को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







