सड़क दुर्घटना में रुड़की निवासी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र का निधन, पुलिस महकमे में दौड़ी शोक की लहर

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार जनपद के रुड़की निवासी और देहरादून में तैनात इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार मलिक का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मलिक वर्तमान में अभिसूचना इकाई, देहरादून में तैनात थे और इन दिनों अवकाश पर चल रहे थे। इसी दौरान रुड़की क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के लिए उन्हें मेरठ के आनंदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 14 मार्च की रात इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। निरीक्षक धर्मेंद्र मलिक अपने सौम्य और शालीन व्यवहार के लिए पुलिस महकमे में विशेष पहचान रखते थे। वे अपने कर्तव्य के प्रति बेहद संवेदनशील और पूरी निष्ठा से सेवा करने वाले अधिकारी माने जाते थे।
धर्मेंद्र कुमार मलिक वर्ष 1989 में कांस्टेबल के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। अपने कार्य और अनुभव के दम पर वर्ष 2009 में उन्हें उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिली। इसके बाद वर्ष 2025 में उन्हें निरीक्षक (इंस्पेक्टर) के पद पर प्रमोट किया गया था। वह मूल रूप से रुड़की, हरिद्वार के निवासी थे।
उनके आकस्मिक निधन पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







