सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर प्रेस क्लब हरिद्वार में संगोष्ठी आयोजित, यातायात नियमों के पालन पर दिया गया जोर

–परिवहन विभाग ने पत्रकारों को वितरित किए हेलमेट
खबर डोज, हरिद्वार। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत परिवहन विभाग हरिद्वार द्वारा प्रेस क्लब हरिद्वार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारियों, प्रेस क्लब पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस मौके पर सभी पत्रकारों को हेलमेट वितरित किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा उपस्थित रहे। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री दीपक मिश्रा एवं कार्यक्रम संयोजक आशीष मिश्रा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि देश में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर समस्या बन चुकी हैं, जिन पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से श्यामपुर हाइवे का जिक्र करते हुए कहा कि इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सभी दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी वाहन चालक निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, वाहन की गति नियंत्रित रखें और नशे में वाहन चलाने से बचें, तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग लगातार जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित कर रहा है। कहा कि पूरे देश में वर्षभर में पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिसमें एक लाख लोगों मौत होती है। इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी को जागरूक होना होगा और यातायात नियमों का पालन करना होगा। सड़क दुर्घटनाएं होगी, लेकिन मृत्यु दर में कमी आएगी।
एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। सभी वाहनों पर आगे और पीछे दोनों ओर स्पष्ट एवं मानक के अनुसार नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर चलने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने की सख्त अपील की। उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई भी की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों एवं उपस्थित लोगों के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा यातायात नियमों को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार संजय आर्य, रूपेश वालिया, राहुल वर्मा, रजनीकांत शुक्ला, बालकृष्ण शास्त्री, शिव शंकर जायसवाल, हिमांशु द्विवेदी, तनवीर अली, अरुण कश्यप, वैभव भाटिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







