बिंदाल इलाके में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, तस्वीरें भेज करती थी सौदा तय, तीन को किया रेस्क्यू, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

खबर डोज, देहरादून। राजधानी देहरादून के कैंट क्षेत्र अंतर्गत बिंदाल इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिंदाल क्षेत्र स्थित गांधी नगर में रघुनाथ मंदिर के पास एक आवासीय मकान में लंबे समय से अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। इस संबंध में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
सोमवार देर रात पुलिस टीम ने उक्त मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से तीन महिलाएं और दो पुरुष संदिग्ध अवस्था में पाए गए। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य भी मिले हैं।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रानी देवी अपने घर से ही इस अवैध धंधे का संचालन कर रही थी। वह व्हाट्सएप के जरिए महिलाओं की तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर सौदे तय करती थी। उसका सहयोगी आशीष कुमार पांडे ग्राहकों तक महिलाओं को पहुंचाने का काम करता था और इसके बदले कमीशन लेता था। वहीं, तीसरा आरोपी फूलों खान भी इस गिरोह में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महिलाओं को विभिन्न राज्यों से नौकरी का झांसा देकर देहरादून बुलाते थे और फिर उनकी आर्थिक मजबूरियों का फायदा उठाकर उन्हें जबरन इस धंधे में धकेल देते थे। रेस्क्यू की गई तीनों महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों रानी देवी, आशीष कुमार पांडे और फूलों खान को गिरफ्तार कर कोतवाली कैंट थाने में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मानव तस्करी और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







