आमपड़ाव में डीजे का शोर बंद कराने पहुंची पुलिस पर किया था हमला, शाहिद गिरफ्तार, गबरू फरार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। आमपड़ाव क्षेत्र में देर रात डीजे बजाकर सड़क पर हंगामा कर रहे युवकों को समझाना पुलिस टीम को भारी पड़ गया। समझाने पर दो सगे भाइयों ने न सिर्फ अभद्रता की, बल्कि पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार बीती रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि आमपड़ाव इलाके में कुछ युवक सड़क पर डीजे बजाकर नाच-गाना कर रहे हैं, जिससे आमजन को परेशानी हो रही है और यातायात बाधित हो रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद चपराना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर पाया गया कि कुछ युवक तेज आवाज में डीजे बजाकर सड़क पर ही कार्यक्रम कर रहे थे। पुलिस टीम ने उन्हें समझाते हुए डीजे बंद करने और सड़क खाली करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकांश युवक वहां से हट गए, लेकिन दो सगे भाई मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद आकिब उर्फ गबरू ने पुलिस के निर्देश मानने से इंकार कर दिया।

बताया गया कि दोनों ने पुलिस टीम के साथ वाद-विवाद शुरू कर दिया और अभद्र व्यवहार करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जब पुलिस ने डीजे बंद कराया, तो दोनों आरोपियों ने आक्रामक होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर खड़े सरकारी वाहन के शीशे भी तोड़ दिए।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहिद पुत्र मोहम्मद कलवा, निवासी आमपड़ाव को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भाई मोहम्मद आकिब अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

इस संबंध में कोतवाली कोटद्वार में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद चपराना, उपनिरीक्षक राजाराम, हेड कांस्टेबल दीपक मेवाड़ और हेड कांस्टेबल करण यादव शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page