VIP स्टाइल दिखाना पड़ा महंगा, सिडकुल पुलिस ने स्कॉर्पियो की सीज, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। वीआईपी रौब झाड़ने के चक्कर में एक वाहन चालक को महंगा पड़ गया। सिडकुल थाना क्षेत्र में लाल-नीली बत्ती, काले शीशे और हूटर लगाकर सड़कों पर धौंस दिखा रहे “नवाब” की स्कॉर्पियो को पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर सीधे थाने पहुंचा दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना सिडकुल पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन पर अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती और हूटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, वाहन के शीशों पर काली फिल्म भी चढ़ी हुई थी। आम जनता में रौब जमाने और खुद को वीआईपी बताने की कोशिश कर रहे चालक को उस वक्त झटका लगा, जब पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच शुरू की।
जांच में पाया गया कि वाहन पर लगी बत्ती और हूटर पूरी तरह अवैध थे। साथ ही काले शीशे भी नियमों के विरुद्ध थे। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान करते हुए स्कॉर्पियो को सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को बिना अधिकृत अनुमति लाल-नीली बत्ती, हूटर या विशेष चिह्नों का प्रयोग करने की अनुमति नहीं है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिडकुल पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और फर्जी वीआईपी स्टाइल दिखाना अब भारी पड़ सकता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







