सिडकुल पुलिस ने कान के कुंडल छीनने वाला आरोपी किया गिरफ्तार, एसपी सिटी ने किया खुलासा

खबर डोज, हरिद्वार। अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर एसएसपी नवनीत सिंह के जीरो टॉलरेंस निर्देशों के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार सख्ती दिखा रही है। इसी क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने महिला से झपट्टा मारकर कुंडल छीनने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि बीती 27 मार्च को रोशनाबाद निवासी महिला ने थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने झपट्टा मारकर उसके सोने के कुंडल छीन लिए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया और लगातार सुरागरसी की। इसी दौरान 1 अप्रैल 2026 को चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान नसीम मलिक निवासी गोविंदपुर दादूपुर, थाना रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस और छीने गए सोने के कुंडल बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी दो शादियां होने के कारण उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी, जिसके चलते उसने यह अपराध किया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में एसएसआई देवेंद्र सिंह तोमर, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र ममगाईं, हेड कांस्टेबल देशराज, प्रेम सिंह, जितेंद्र मलिक और कांस्टेबल गजेंद्र प्रसाद शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







