सिडकुल पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों की निकाली बारात, 65 लोग दबोचे, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों और ढाबों पर बैठकर शराब पीने तथा हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 65 लोगों को पकड़ लिया। सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई और जुर्माना वसूला गया।

दरअसल, सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय कुछ युवक शराब पीकर सड़क किनारे बैठ जाते थे और वहां से गुजरने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते थे। इस संबंध में पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने सभी थाना प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में शनिवार 14 मार्च 2026 को थाना सिडकुल पुलिस ने थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाकर क्षेत्र में अभियान चलाया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों, होटल-ढाबों और सड़क किनारे बैठकर शराब पीने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 65 व्यक्तियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 16,250 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला। साथ ही उन्हें भविष्य के लिए सख्त चेतावनी भी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर न तो शराब पिएं और न ही दूसरों को पीने दें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page