एसएसपी पौड़ी की सख्ती जारी: कोटद्वार के जिम ट्रेनर दीपक को धमकी देने वाला युवक बिहार पुलिस ने किया गिरफ्तार, आरोपी ने पूछताछ में बताया यह कारण, देखिए वायरल वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जान से मारने की धमकी से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण का संज्ञान लिया है। जांच में सामने आया है कि यह पोस्ट केवल व्यूज और रीच बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी।

जानकारी के मुताबिक 8 फरवरी 2026 को दीपक कुमार, निवासी कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है, साथ ही उनके खिलाफ 02 लाख रूपए का इनाम देने जैसी गंभीर बात कही गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली कोटद्वार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों एवं आवश्यक सूचनाओं के आधार पर की गई जांच में सोशल मीडिया पर उक्त धमकी भरा वीडियो प्रसारित करने वाले युवक की पहचान उत्कर्ष कुमार, निवासी मोतीहारी, बिहार के रूप में हुई। इसके बाद कोटद्वार पुलिस टीम ने बिहार पुलिस से निरंतर संपर्क और समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई की। बिहार पुलिस के सहयोग से आरोपी युवक को नजदीकी थाने लाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर फॉलोवर्स नहीं बढ़ रहे थे और दीपक नामक व्यक्ति उस समय सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा था। इसी कारण उसने अपने चैनल की व्यूज और रीच बढ़ाने के उद्देश्य से उक्त आपत्तिजनक पोस्ट किया। युवक ने यह भी बताया कि वीडियो में दी गई जान से मारने की धमकी का कोई वास्तविक आपराधिक आशय नहीं था।
एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के मुताबिक सोशल मीडिया पर इस तरह की भ्रामक, आपत्तिजनक और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रकरण में आरोपी युवक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी तरह की अफवाह, धमकी या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें।

You cannot copy content of this page