नही चला खेल, वायरल चैट के बाद बड़ी कार्रवाई, ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती देहरादून अटैच, सुधीर को हरिद्वार का प्रभार

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में ड्रग विभाग से जुड़ा मामला तूल पकड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सीनियर ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती को देहरादून मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। उनके स्थान पर असिस्टेंट ड्रग्स कंट्रोलर सुधीर को हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
यह कार्रवाई उस समय की गई जब सोशल मीडिया पर एक कथित व्हाट्सएप चैट वायरल हुई, जिसमें लाइसेंस जारी करने के बदले पैसों की मांग के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों को एक फार्मा कंपनी के मालिक द्वारा सार्वजनिक किया गया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
उत्तराखंड के ड्रग्स कंट्रोलर ताजभर जग्गी ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 मार्च को अनीता भारती को देहरादून मुख्यालय से अटैच करने के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही विभाग ने हरिद्वार में कार्य सुचारू रखने के लिए सुधीर को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है।
सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच कर रहा है। विभाग का कहना है कि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाएगी और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद हरिद्वार में ड्रग विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं, स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को विभाग की सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







