जिनकी पुलिस ने बचाई जान, वही निकले जेल जाने वाले मेहमान, टिहरी पुलिस ने 24 घंटे में किया बाइक चोरी का खुलासा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। टिहरी पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां सड़क दुर्घटना में घायल युवकों की जान बचाने वाली पुलिस ने जांच के दौरान उन्हीं दोनों युवकों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाना घनसाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।


जानकारी के अनुसार, 7 जून 2026 की रात थाना घनसाली पुलिस को सूचना मिली कि चम्पुवा मंदिर के पास एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और दो युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बेलेश्वर, चमियाला भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
घायलों ने अपनी पहचान अनुज सिंह राणा और साहिल सिंह निवासी खटीमा के रूप में बताई। उस समय पुलिस को यह केवल एक सड़क दुर्घटना का मामला प्रतीत हुआ।
अगले दिन 8 जून को स्थानीय निवासी वीर सिंह ने थाना घनसाली में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मोटरसाइकिल संख्या UK07 AC 1373 बस स्टेशन घनसाली से चोरी हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक वही चोरी की गई मोटरसाइकिल थी और घायल दोनों युवक ही चोरी की घटना में शामिल थे। बाइक चोरी कर फरार होने के दौरान ही वे दुर्घटना का शिकार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जब पुलिस पूछताछ के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंची तो पता चला कि दोनों आरोपी पुलिस कार्रवाई के डर से अस्पताल से छुट्टी लेकर फरार हो चुके हैं।
इसके बाद पुलिस ने लगातार दबिश और सुरागरसी करते हुए 8 जून की रात बालगंगा डिग्री कॉलेज के पास चमियाला रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page