तिब्बती मार्केट हत्याकांड में शामिल दो सगे भाई निकले पौड़ी जिले के निवासी, 12 लाख की सुपारी देकर कराई गई गैस एजेंसी संचालक की हत्या, माँ समेत पांच गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, देहरादून। देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित तिब्बती मार्केट में 11 फरवरी की सुबह हुई सनसनीखेज हत्या का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी अर्जुन शर्मा की हत्या संपत्ति विवाद के चलते 12 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई गई थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो मुख्य शूटरों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है, जबकि साजिश में शामिल मृतक की माँ सहित तीन अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया है।
घटना की सूचना 11 फरवरी 2026 को सुबह कोतवाली डालनवाला को मिली थी कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की माँ बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग टीमों का गठन कर जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो स्कूटी सवार संदिग्धों की पहचान की गई। चेकिंग के दौरान रायपुर के लाडपुर क्षेत्र में एक संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी ओर डोईवाला के लालतप्पड़ क्षेत्र में दूसरे आरोपी ने भी पुलिस पर गोली चलाई और एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह भी घायल हो गया।
दोनों आरोपियों की पहचान पंकज राणा (52) और राजीव उर्फ राजू (50) निवासी इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, देहरादून के रूप में हुई। दोनों सगे भाई हैं। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो तमंचे 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस और स्कूटी बरामद की गई।

पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह दोनो सगे भाई हैं। मूल रूप से ग्राम देवीखाल पोस्ट ऑफिस गुमखाल जिला पौड़ी गढ़वाल निवासी हैं।वर्तमान में अपने परिवार के साथ चक्खुवाला कोतवाली क्षेत्र में रह रहे हैं। अभियुक्त पंकज राणा, विनोद उनियाल के पास ड्राइवर का काम करता है। अभियुक्त राजीव ऑटो चलाने का कार्य करता है। विनोद उनियाल, उनके परिचित डॉ. अजय खन्ना और मृतक की माँ बीना शर्मा का मृतक अर्जुन शर्मा से प्रापर्टी और पैसों के लेने देन को लेकर विवाद चल रहा था। पूर्व में दोनो पक्षों की ओर से एक दूसरे के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कराये गये थे।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की माँ बीना शर्मा ने जीएमएस रोड स्थित संपत्ति 14 करोड़ रुपये में डॉ. अजय खन्ना को बेचने का सौदा किया था, जिसमें से 8 करोड़ रुपये मिल चुके थे। लेकिन अर्जुन शर्मा ने संपत्ति पर न्यायालय से स्टे ले लिया था, जिससे विवाद बढ़ गया। रकम फंसने और प्रॉपर्टी पर कब्जा न मिलने से नाराज होकर बीना शर्मा, डॉ. खन्ना और विनोद उनियाल ने मिलकर अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 12 लाख रुपये में दोनों भाइयों से सौदा तय हुआ, जिसमें से 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
आरोपियों ने वारदात से पहले अर्जुन शर्मा की दिनचर्या की रेकी की और 11 फरवरी की रात तिब्बती मार्केट के पास गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पहले और बाद में आरोपियों के बीच व्हाट्सएप के जरिए संपर्क के भी साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस ने साजिश में शामिल बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में घायल दोनों मुख्य आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और न्यायालय से उनका रिमांड लिया गया है।
दून पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर लिया गया है। मामले की गहन विवेचना जारी है।

You cannot copy content of this page