सिद्धबली मंदिर में सक्रिय दो शातिर महिला टप्पेबाज गिरफ्तार, श्रद्धालु का मंगलसूत्र और लॉकेट बरामद

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली दो शातिर महिला टप्पेबाजों को कोटद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया सोने का लॉकेट और चेन बरामद कर लिया है। दोनों महिलाएं भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों और मेलों में महिलाओं के गले से चेन व मंगलसूत्र चोरी करने की वारदातों को अंजाम देती थीं।

पुलिस के अनुसार 19 जुलाई 2026 को मेरठ निवासी संगम प्रजापति ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ सिद्धबली मंदिर दर्शन करने आई थीं। दर्शन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से मंगलसूत्र और लॉकेट चोरी कर लिया गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 159/26, धारा 304(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाई और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपित महिलाओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।

जांच में पता चला कि वारदात के बाद दोनों महिलाएं बिजनौर की ओर चली गई थीं। इसी बीच 25 जुलाई को सूचना मिली कि दोनों महिलाएं एक बार फिर सिद्धबली मंदिर क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गुलर पुल, सनेह रोड के पास घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पुष्पा रानी पत्नी बृजपाल निवासी धनौरा, जिला अमरोहा तथा सरोज पत्नी महेश कुमार निवासी मोहम्मदपुर बछरायूं, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की एक चेन और एक लॉकेट बरामद किया गया।

पूछताछ में दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे मेले, धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले मंदिरों में सक्रिय रहती हैं। महिलाओं के गले में कीमती आभूषण देखकर उनका पीछा करती हैं और भीड़ व धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर चेन, मंगलसूत्र और अन्य आभूषण चोरी कर मौके से फरार हो जाती हैं।

पुलिस अब दोनों महिलाओं के आपराधिक इतिहास और अन्य जनपदों में हुई इसी तरह की वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती आभूषणों और सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

You cannot copy content of this page