हरिद्वार में VIP नंबरों की जबरदस्त दीवानगी, एक नंबर ₹5.40 लाख में बिका, परिवहन विभाग को मिला बड़ा राजस्व

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM शुरू होते ही फैंसी (VIP) नंबरों के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। परिवहन विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी में वाहन स्वामियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके चलते कई पसंदीदा नंबर लाखों रुपये में बिके। नई सीरीज के शुरू होते ही मिली रिकॉर्ड प्रतिक्रिया ने यह साबित कर दिया कि आकर्षक वाहन नंबरों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है।
ई-नीलामी में सबसे अधिक चर्चा UK08 BM 0009 नंबर की रही, जिसके लिए ₹5.40 लाख की सर्वाधिक बोली लगी। इसके अलावा UK08 BM 0001 के लिए ₹4.91 लाख, UK08 BM 0007 के लिए ₹3.88 लाख, UK08 BM 0008 के लिए ₹1.73 लाख, UK08 BM 0002 के लिए ₹1.41 लाख तथा UK08 BM 9000 के लिए ₹91 हजार की बोली प्राप्त हुई। वहीं 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 और 0999 जैसे अन्य आकर्षक नंबरों के लिए भी लोगों ने उत्साहपूर्वक बोली लगाई।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार फैंसी नंबरों की इस ई-नीलामी से विभाग को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ है। इससे न केवल राज्य सरकार की आय में वृद्धि हुई है, बल्कि यह भी स्पष्ट हुआ है कि लोग अपनी पसंद और पहचान से जुड़े विशेष पंजीकरण नंबरों के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करने को तैयार हैं। ऑनलाइन ई-ऑक्शन प्रणाली के चलते पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक रही।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), हरिद्वार निखिल शर्मा ने बताया कि नई श्रृंखला शुरू होते ही नागरिकों ने फैंसी नंबरों के प्रति काफी उत्साह दिखाया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है और इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी पसंद का पंजीकरण नंबर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि फैंसी नंबरों से प्राप्त होने वाला राजस्व राज्य सरकार के लिए आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। भविष्य में भी परिवहन विभाग द्वारा इसी प्रकार की ऑनलाइन ई-नीलामी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिक पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से अपनी पसंद के वाहन पंजीकरण नंबर हासिल कर सकें।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








