विजिलेंस टीम ने रुड़की सिविल अस्पताल में डॉक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

लीगल सप्लीमेंट्री रिपोर्ट के नाम पर मांगे थे 30 हजार

खबर डोज, रुड़की। रुड़की स्थित सिविल अस्पताल में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने एक डॉक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस टीम ने सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर आभास सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर आभास सिंह का करीब एक माह पूर्व मसूरी से रुड़की के सिविल अस्पताल में ट्रांसफर हुआ था। शनिवार रात वह सिविल अस्पताल की इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान देहरादून से आई विजिलेंस टीम अचानक अस्पताल पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया।
विजिलेंस टीम के मुताबिक, डॉक्टर आभास सिंह पर आरोप है कि उन्होंने मारपीट के एक मामले में घायल व्यक्ति से लीगल सप्लीमेंट्री रिपोर्ट बनाने के नाम पर 30 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत देहरादून विजिलेंस कार्यालय में की थी, जिसके बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। योजना के अनुसार, शनिवार देर शाम शिकायतकर्ता को लेकर विजिलेंस टीम रुड़की सिविल अस्पताल पहुंची। शिकायतकर्ता ने डॉक्टर आभास सिंह को ब्लड बैंक के पास बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे हुए 20 हजार रुपये डॉक्टर को दिए, उसी समय विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद विजिलेंस टीम डॉक्टर आभास सिंह को लेकर उनके सरकारी आवास पहुंची, जहां तलाशी ली गई। आवास की तलाशी और घंटों चली पूछताछ के बाद विजिलेंस टीम ने डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम डॉक्टर को अपने साथ देहरादून ले गई। फिलहाल विजिलेंस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

You cannot copy content of this page